Today Haryana। New Delhi। Haryana New Weather Update
Haryana New Weather Update: हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई शहरों में तापमान 2 डिग्री से नीचे, 13 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे, 14 से फिर बढ़ेगी ठंड
न्यू दिल्ली । बर्फ से ढके हिमालय से आ रही ठंडी हवाओं से हरियाणा समेत उत्तर, पश्चिमोत्तर व मध्य भारत के ज्यादातर क्षेत्र भीषण सर्दी की चपेट में हैं। दिल्ली के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। हरियाणा में शनिवार को आठ जिलों में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। 1.4 डिग्री तापमान के साथ हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा रहा। अब रविवार को मौसम में थोड़ा बदलाव होने के आसार हैं। बादलों के छाने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हिमालय से बर्फीली हवाओं का रुख मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा के एनसीआर व दिल्ली की तरफ बना हुआ है। रविवार को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होगा, जिससे हवाओं की दिशा और गति में बदलाव आएगा। 13 जनवरी तक हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर बादल छाए रहेंगे हरियाणा के उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। 14 से 18 जनवरी के दौरान गंभीर शीत लहर चलेगी।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होटलों में 20 फीसदी छूट
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल के साथ मनाली की ऊंची चोटियों में शनिवार को बर्फ के फाहे गिरे। सैलानियों के रुझान को देखते हुए राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में कमरों की बुकिंग पर 20 फीसदी छूट दी जा रही है। निगम के होटलों में 15 मार्च तक विशेष विंटर डिस्काउंट मिलेगा।
अंबाला से चलने वाली 20 ट्रेनें लेट
अंबाला । धुंध और कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। शनिवार को करीब 20 ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे देरी से पहुंची। एक घंटा 45 मिनट से लेकर आठ घंटे 20 मिनट देरी से ट्रेनें पहुंचीं। संवाद
34 घरेलू उड़ानों में देरी
खराब मौसम से दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 34 घरेलू उड़ानों में देरी हुई। 12 उड़ानें भी देर से आई। दृश्यता 25-50 मीटर होने से दिक्कत हुई। यात्रियों से निकलने से पहले उड़ानों के बारे में जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
न्यूनतम तापमान
बालसमंद- 1.4
महेंद्रगढ़- 1.7
झज्जर- 1.8
सिरसा- 3.2
जींद पांडु-2.9
हिसार- 2
फरीदाबाद- 3.4
नारनौल- 2
फतेहाबाद- 2.3
अंबाला- 4
कैथल- 4.3
गुरुग्राम- 2.5
रोहतक-4.4