संदीप सिंह की गिरफ्तारी न होने पर इनेलो उतरेगी सडक़ों पर: फौगाट
कहा, आरोपी पूर्व खेल मंत्री को बचाने की कोशिश में सीएम की छवि हो रही दागदार
Today Haryana, Sirsa
Haryana Sexual Harassment Case: सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल की पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने कहा कि महिला कोच को प्रताडि़त करने के आरोपी पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह को यदि जल्द ही गिरफ्तार न किया गया तो इनेलो प्रदेशभर में सडक़ों पर उतरकर उनके पुतले फूंकेगी। वे मंगलवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो जिला कार्यालय में मीडिया से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि महिला कोच से छेड़छाड़ की घिनौनी हरकत करने वाले पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह को मुख्यमंत्री मनोहरलाल स्वयं बचाने का प्रयास कर रहे हैं जो सर्वाधिक निंदनीय है।
Haryana Sexual Harassment Case:ऐसे कृत्य से उनकी खुद की छवि भी दागदार हो रही है। इनेलो की पूर्व महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने कहा कि आज पूरे हरियाणा में महिला से संबंधित अपराधों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है जिससे तमाम महिलाएं खौफजदा हैं और अपने घरों से भी निकलने में भयभीत रहती हैं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों का खेलों में भविष्य बनाने वाले विशेष महिला कोच की इज्जत ही मौजूदा समय में सुरक्षित नहीं है तो फिर आम महिलाओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित मानी जा सकती है?
इनेलो नेत्री ने कहा कि यदि पूर्व खेल मंत्री की अपेक्षा किसी अन्य आमजन के खिलाफ ऐसे आरोप लगे होते तो वह तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाता मगर मुख्यमंत्री अपने पूर्व खेल मंत्री को बचाने की कोशिश कर रहे हैं जिससे प्रताडि़त महिला कोच को इंसाफ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने राज्य सरकार से महिलाओं के सम्मान की खातिर आरोपी पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। इस अवसर पर उनके साथ महावीर शर्मा, अंगूरी देवी वर्मा व कमलेश संधु आदि मौजूद थे।Haryana Sexual Harassment Case: