बड़ी खबर: भाजपा नेता की गोली मारकर कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

BJP Leader Sanjeev Mishra shot dead: पटना। बिहार में एक बार फिर अपराधियों ने दिन-दहाड़े बड़ी घटना को अंजाम दिया है। हमलावरों ने भाजपा नेता संजीव मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने घर के पास ही इस चौंकाने वाली वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने इस घटना को दिनदहाड़े अंजाम दिया। इस घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में बल तैनात किया गया है। शुरूआती जांच के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
दरअसल, कुछ आज्ञात अपराधियों ने इस वारदात को कटिहार जिले के तेलता थाना क्षेत्र में सोमवार को अंजाम दिया, जहां बीजेपी नेता संजीव मिश्रा सुबह करीब 8.30 बजे अपने घर पर थे।
इसी दौरान उनको बाइक की आवाज सुनाई दी, तो वह बाहर निकले। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले अपराधी भागने में सफल हो गए। वहीं गोली लगने के बाद संजीव मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
यहां बता दें कि संजीव मिश्रा बीजेपी के पुराने और जाने-माने नेता रहे हैं। उनको लोग कटिहार जिले में ही नहीं, बल्कि पटना में बैठे बड़े और सीनियर नेता जानते थे। वह कटिहार विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल के बेहद नजदीकी बताए जाते हैं।
वे बिहार-बंगाल के बॉर्डर के सुदूर इलाके में सालों से भाजपा की राजनीति करते आ रहे थे। बताया जाता है कि जितने उनके चाहने वाले थे, इतने ही उनके दुश्मन बन चुके थे। विधान परिषद चुनाव के दौरान भी उनपर जानलेवा हमला किया गया था। हालांकि इस हमले में वह बच गए थे।
इधर बीजेपी नेता संजीव मिश्रा की हत्या का जैसे ही लोगों को पता चला, तो लोग आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में जुटकर सड़क पर उतर गए। इतना ही नहीं पुलिस-प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ की।
कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों में गुस्सा है। हालांकि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंचे और भारी संख्या में पुलिस तैनात कर लोगों को शांत कराया गया। आसपास के सभी रास्तों को सील कर दिया है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।